Bhopal News: दो साल से महाराष्ट्र में काट रहा था फरारी, शहर के दो जोन में टीम ने दी दबिश

भोपाल। राजधानी के दो क्षेत्रों जिसमें आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहने वाले कुख्यात बदमाशों के अड्डों पर अलग-अलग टीम ने एक साथ छापा मारा। यह कार्रवाई जोन-4 में भोपाल (Bhopal News) शहर के निशातपुरा में स्थित ईरानी डेरे और जोन-3 के तलैया स्थित इतवारा में की गई। दोनों स्थानों से कुख्यात बदमाशों के अलावा भारी मात्रा में नशे का सामान बरामद किया गया है। कार्रवाई के दौरान दो साल से फरार हाईवे पर लूटपाट करने वाला काला ईरानी पुलिस के हत्थे लग गया है।
आश्रय देने वालों के खिलाफ भी होगी कार्रवाई
निशातपुरा (Nishatpura) थाना पुलिस के अनुसार ईरानी डेरे के नजदीक मुरली नगर (Murli Nagar) में काला ईरानी उर्फ नजब अली (Kala Irani@Najab Ali) पिता आशिक अली उम्र 50 साल के मौजूद होने की खबर मिली थी। वह 2024 से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ कई जिलों में हाईवे पर लूटपाट करने के मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ 2024 से गिरफ्तारी वारंट भी जारी था। उसको कब्जे में लेने के एक सप्ताह पूर्व पुलिस ने उसकी भांजी कुबरा उर्फ मैथी (Kubra@Methi) को हिरासत में लिया था। उसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई के दौरान बाधा पहुंचाकर आरोपी को छुड़ा ले जाने का प्रकरण दर्ज था। भांजी की गिरफ्तारी का पता चलने पर आरोपी काला ईरानी उर्फ नजब अली भोपाल आया था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने फरारी महाराष्ट्र(Maharashtra) जिले के अकोला में काटी है। जिस कारण पुलिस की तरफ से उसे आश्रय देने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करने की तैयारी शुरु कर दी गई है। काम्बिग गश्त के लिए निशातपुरा थाने के अलावा गांधी नगर, छोला मंदिर समेत अन्य थानों का बल ईरानी डेरे (Irani Dera) पर बुलाया गया था।
कार्रवाई की जानकारी देने आ गया पसीना

इधर, दूसरी कार्रवाई तलैया (Tallaiya) थाना क्षेत्र स्थित इतवारा (Itwara) में की गई। यहां डीसीपी आयुष गुप्ता (DCP Ayush Gupta) की निगरानी में कार्रवाई की गई थी। इस मामले की जानकारी तलैया थाना प्रभारी दीपक डहेरिया (TI Deepak Daheriya) बताने में हिचकते रहे। इसलिए जब डीसीपी से भौतिक स्थिति बताई गई तो 25 जुलाई शाम सात बजे छापे में जब्त सामग्री और आरोपियों का खुलासा किया गया। जिसमें बताया गया कि आरोपी माधुरी संकत (Madhuri Sankat) पति कामिनी संकत उर्फ कामिल संकत उम्र 36 साल, उमेश मेशकर (Umesh Meshkar) पिता उदल कुचबुंदिया उम्र 38 साल, सुनीता संकत (Sunita Sankat) पति सूरज संकत उम्र 45 साल, मुन्नी बाई कुचबुंदिया (Munni Bai Kuchbundiya) पिता चिमनलाल कुचबुंदिया उम्र 52 साल, उत्तम कुचबुंदिया (Uttam Kuchbundiya) पिता पृथ्वी कुचबुंदिया उम्र 35 साल, रामकली कुचबुंदिया (Ramkali Kuchbundiya) पति गरीब दास कुचबुंदिया उम्र 60 साल और शिवानी संकत (Shivani Sankat) पति शनि उर्फ गणेश गुचबुंदिया उम्र 35 साल को गिरफ्तार किया गया है। यह सभी आरोपी इतवारा के पास तिलक मार्केट (Tilak Market) के नजदीक रहते हैं।
तहखाने में दबे गांजे को सूंघने श्वान की ली गई मदद
ईरानी डेरा और इतवारा के यह दोनों ठिकाने काफी संवेदनशील हैं। यहां पुलिस पार्टी पर पथराव भी किया जाता है। जिस कारण दोनों स्थानों पर दबिश देने के लिए विशेष तौर पर आधा दर्जन एसीपी (Bhopal News) के साथ एक दर्जन निरीक्षक, दो दर्जन उप निरीक्षक समेत करीब 200 पुलिस कर्मियों का अमला था। दबिश देने से पूर्व खोजी श्वान दल भी शामिल था। इसके अलावा घरों और छत में चढ़ने के लिए सीढ़ियों का भी इंतजाम किया गया था। दरअसल, दबिश देने की भनक लगते ही बदमाश गुप्त स्थानों और छतों में मादक पदार्थ फेंकना और छुपाने का काम करते हैं। ऐसा आरोपी न कर सके इससे पूर्व पुलिस ने ड्रोन से निगरानी रखते हुए पूरे दल को चिन्हित ठिकानों पर दबिश देने के लिए रवाना किया था। यह सारी कार्रवाई डीसीपी आयुष गुप्ता ऑनलाइन तलैया थाने में बैठकर देख भी रहे थे। आरोपियों के कब्जे से मादक पदार्थ, अवैध तलवार, चाकू और वन्य जीव के अंग भी बरामद हुए हैं। जिसमें पुलिस ने अलग-अलग छह प्रकरण दर्ज किए हैं।
आरोपियों के खिलाफ पहले से दर्ज है कई मुकदमे
पुलिस ने बताया आरोपी माधुरी संकत पूर्व में एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार हो चुकी है। इसी तरह उमेश मेशकर के खिलाफ एक मारपीट और दो आबकारी के प्रकरण दर्ज है। मुन्नी बाई कुचबुंदिया के खिलाफ एनडीपीएस के दो प्रकरण दर्ज हैं। सर्वाधिक आठ प्रकरण उत्तम कुचबुंदिया पर दर्ज है। वह आबकारी, मारपीट और आर्मस एक्ट में गिरफ्तार हो चुका है। रामकली कुचबुंदिया के खिलाफ थाने में चार प्रकरण दर्ज हैं। इसी तरह शिवानी संकत एनडीपीएस के अलावा आबकारी एक्ट में गिरफ्तार हो चुकी हैं। यह सभी आरोपी अवैध तरीके से नशे का सामान राजधानी में खपाने का काम करते हैं। सभी आरोपियों के कब्जे से साढ़े सात किलो गांजा (Ganja) , 90 ग्राम चरस(Charas) , सिलोचन ट्यूब, एक तलवार (Sword) और पांच चाकू (Knife) बरामद हुए हैं। आरोपियों के कब्जे से बारहसिंघा का सींग भी मिला है। पुलिस ने बरामद माल की कीमत साढ़े तीन लाख रुपए बताई है।
खबर के लिए ऐसे जुड़े

हमारी कोशिश है कि शोध परक खबरों की संख्या बढ़ाई जाए। इसके लिए कई विषयों पर कार्य जारी है। हम आपसे अपील करते हैं कि हमारी मुहिम को आवाज देने के लिए आपका साथ जरुरी है। हमारे www.thecrimeinfo.com के फेसबुक पेज और यू ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें। आप हमारे व्हाट्स एप्प न्यूज सेक्शन से जुड़ना चाहते हैं या फिर कोई घटना या समाचार की जानकारी देना चाहते हैं तो मोबाइल नंबर 7898656291 पर संपर्क कर सकते हैं।