Bhopal News: केंद्रीय विद्यालय में आयोजित पेरेंटस मीटिंग में गया था परिवार, सोने-चांदी के जेवरात, नकदी समेत करीब छह लाख रुपए का माल बटोरा

भोपाल। राजधानी की सेंट्रल जेल से सटे कर्मचारियों के सरकारी आवास में चोरों ने दिनदहाड़े सेंध लगा दी। यह घटना भोपाल (Bhopal News) शहर के गांधी नगर इलाके की है। पिछले रास्ते घर में घुसे चोर सोने-चांदी के जेवरात, नकदी समेत करीब छह लाख रुपए का माल ले गए हैं। इससे पहले भी जेल विभाग के कर्मचारियों की कॉलोनी में घटना हो चुकी है। जिसका अभी तक खुलासा नहीं किया जा सका है।
किचन की खिड़की से भीतर घुसे थे चोर
गांधी नगर (Gandhi Nagar) थाना पुलिस के अनुसार जेल प्रहरी मनोहर सिंह भील (Manohar Singh Bhil) सेंट्रल जेल (Central Jail) में पदस्थ हैं। उनका जेल के नजदीक आवासीय कॉलोनी में निवास है। वे 14 अक्टूबर की दोपहर लगभग बारह बजे बैरागढ़ गए थे। वहां बच्चे की पेरेंटस मीटिंग थी। वहां से लौटकर दोपहर डेढ़ बजे पति-पत्नी घर पहुंचे तो पूरा सामान बिखरा हुआ था। उन्होंने गांधी नगर थाना पुलिस को खबर दी। घर की अलमारी में रखे सोने की चेन, अंगूठी, चांदी का कड़ा, चांदी की करधौनी, सोने के टॉप्स समेत अन्य जेवरात गायब थे। इसके अलावा मकान में चार लाख रुपए भी रखे हुए थे। यह रकम उन्होंने डेढ़ साल पहले बेचे गए प्लॉट की बताई है। गांधी नगर थाना पुलिस ने चोरी का प्रकरण दर्ज कर लिया है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि बदमाश पिछले हिस्से में स्थित किचन की खिड़की से भीतर घुसे थे। पुलिस को शक है कि जिस तरह से वारदात हुई है उससे लगता है कि बदमाश को घर के बारे में और वहां रखी संपत्तियों के बारे में पहले से जानकारी थी।
सुरक्षा पर फिर खड़े हुए सवाल
जेल को काफी संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है। केंद्रीय जेल में पिछली कुछ घटनाओं के कारण जेल मुख्यालय (Jail Headquarters) ने तमाम बजट उसकी सुरक्षा में झोंक दिया। लेकिन, जेल विभाग के कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सुध ही नहीं ली गई। दरअसल, तीन महीने के भीतर यहां चोरी की कई वारदातें हो चुकी है। ताजा घटना के बाद भी पुलिस ने सीसीटीवी देखे तो पता चला कि वहां कोई कैमरे ही नहीं हैं। इसके अलावा मुख्य मार्ग में पूर्व में लगा सीसीटीवी कैमरा भी सड़क निर्माण कार्य के चलते हटा दिया गया है। अब पुलिस के सामने अपने मुखबिर तंत्रों के बूते इस मामले को भी सुलझाने का बोझ आ गया है।
खबर के लिए ऐसे जुड़े

हमारी कोशिश है कि शोध परक खबरों की संख्या बढ़ाई जाए। इसके लिए कई विषयों पर कार्य जारी है। हम आपसे अपील करते हैं कि हमारी मुहिम को आवाज देने के लिए आपका साथ जरुरी है। हमारे www.thecrimeinfo.com के फेसबुक पेज और यू ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें। आप हमारे व्हाट्स एप्प न्यूज सेक्शन से जुड़ना चाहते हैं या फिर कोई घटना या समाचार की जानकारी देना चाहते हैं तो मोबाइल नंबर 7898656291 पर संपर्क कर सकते हैं।