Bhopal News: हॉर्स कीपर बारात के घोड़े को तैयार करने खुर में ठोंक रहा था लोहे की नाल

भोपाल। घोड़े की दुलत्ती से जख्मी एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। यह घटना भोपाल (Bhopal News) शहर के टीटी नगर स्थित पंचशील नगर इलाके में हुई। हादसा उस वक्त हुआ जब हॉर्स कीपर बारात के लिए घोड़े के खुर में लोहे की नाल ठोक रहा था। इसी दौरान घोड़ा बिदका और उसने आवेश में गुजर रहे व्यक्ति पर प्रहार कर दिया।
खुर में नाल ठोकते समय हुआ हादसा
टीटी नगर (TT Nagar) थाना पुलिस के अनुसार यह दर्दनाक घटना 22 नवंबर की रात लगभग आठ बजे हुई थी। हादसे में पंचशील नगर निवासी 39 वर्षीय संतोष सुडकर (Santosh Sudkar) जख्मी हुए थे। वे अपने रिश्तेदार की शादी का कार्ड बांटकर वापस लौट रहे थे। संतोष सुडकर परिवार की कमाई का एकमात्र जरिया थे। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया था। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर पुलिस को खबर दी थी। टीटी नगर थाना पुलिस ने मर्ग 60/26 कायम कर लिया है। पुलिस को प्राथमिक जांच में पता चला है कि जहां घटना हुई वहां हॉर्स कीपर मंटू उर्फ रवि लोहवंशी (Mantu@Ravi Lohvanshi) के पास आधा दर्जन से अधिक घोड़े (Horse) हैं। उनके पालन से संबंधित नियम जानने का प्रयास पुलिस की तरफ से किया जा रहा है। वहीं पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस की तरफ से जांच की दिशा तय की जाएगी। पुलिस ने संकेत दिए है कि घोड़ा मालिक के खिलाफ मौत के मामले में प्रकरण दर्ज किया जाएगा।
जानवरों से होने वाली घटनाएं पहली नहीं
राजधानी में 2018 से 2021 के बीच घोड़ों में ग्लैंडर्स रोग फैला था। इस कारण पुलिस विभाग की परेड से लेकर कई शादी-विवाह में घोड़ों के इस्तेमाल पर जिला प्रशासन की तरफ से पाबंदी लगाई गई थी। यह रोग संक्रामक होने के चलते कई तरह के नियमों के साथ घोड़ों के इस्तेमाल की नियमावली बनाई गई थी। घोड़ा पालने वाले काजी कैंप, जहांगीराबाद के अलावा टीटी नगर स्थित पंचशील नगर में ज्यादा हैं। यह वैवाहिक समारोह के अलावा शहर के धार्मिक और राजनीतिक आयोजनों में अपने घोड़ों को लगाकर कमाई करते हैं। टीटी नगर में घोड़े की दुलत्ती से हुई मौत का यह पहला मामला नहीं हैं। इससे पहले भी कई घटनाएं हो चुकी है। सड़क किनारे घोड़ों को बांधकर रखने के संबंध में स्थानीय लोग पहले भी शिकायत कर चुके हैं। नागरिकों का कहना है कि नगर निगम की चेतावनियों के बावजूद घोड़ों को हटाने या व्यवस्थित तरीके से रखने की कार्रवाई नहीं हुई। इससे पहले एक युवक को घोड़ों ने काट लिया था, जबकि एक कुत्ते की घोड़े की दुलत्ती से मौत भी हुई थी। राहगीर की मौत के बाद इस मामले ने तूल पकड़ लिया है। राजधानी में घोड़ों के अलावा आवारा बैल और श्वान के कारण काटने से मौत के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं।
यह भी पढ़िएः राजधानी के बड़े कारोबारी एलएन मालवीय हनी ट्रेप में फंसे जानिये कैसे
खबर के लिए ऐसे जुड़े

हमारी कोशिश है कि शोध परक खबरों की संख्या बढ़ाई जाए। इसके लिए कई विषयों पर कार्य जारी है। हम आपसे अपील करते हैं कि हमारी मुहिम को आवाज देने के लिए आपका साथ जरुरी है। हमारे www.thecrimeinfo.com के फेसबुक पेज और यू ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें। आप हमारे व्हाट्स एप्प न्यूज सेक्शन से जुड़ना चाहते हैं या फिर कोई घटना या समाचार की जानकारी देना चाहते हैं तो मोबाइल नंबर 7898656291 पर संपर्क कर सकते हैं।