Bhopal News: न्यू मार्केट की आगजनी में डेढ़ करोड़ रुपए की संपत्ति हुई राख, भटूरा दुकान की लपटों के कारण आठ दुकानें चपेट में आई थी, नगर निगम के अलावा भोपाल विकास प्राधिकरण ने थमाए थे नोटिस

भोपाल। राजधानी के प्रतिष्ठित व्यवसायिक केंद्र न्यू मार्केट में छह दिन पहले हुई भीषण अग्निकांड की जांच भोपाल (Bhopal News) शहर की टीटी नगर पुलिस ने पूरी कर ली है। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई थी लेकिन, आठ दुकाने पूरी तरह से राख में बदल गई थी। आगजनी से करीब डेढ़ करोड़ रुपए के नुकसान की प्राथमिक जानकारी सामने आई है। वहीं घटना के लिए छोला भटूरा दुकान के मालिक को जिम्मेदार मानते हुए उनके खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कर ली गई है। यह कार्रवाई भोजनालय संचालक की तरफ से की गई है जिन्हें जान बचाने तीसरी मंजिल से कूदना पड़ा था। वह वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल भी हुआ था।
तीसरी मंजिल से कूदकर बचाई थी जान
जानकारी के अनुसार आगजनी से आठ दुकानों के भीतर और बाहर रखा पूरा माल जलकर राख हो गया। यह दुकानें अनिल शुक्ला (Anil Shukla), सुनील चावला(Sunil Chawla), ईश्वर दादलानी (Ishwar Dadlani), ऊषा मौरे(Usha Maurey), स्वाति ताम्रकार (Swati Tamrakar) , मनोज ताम्रकार(Manoj Tamrakar), प्रकाश मीरचंदानी (Prakash Meerchandani) और सोनू मालवीय (Sonu Malviya) की थी। आग की चपेट में आई दुकानों में दो कपड़े, एक बर्तन, मोबाइल फोन, बर्तन और चना दुकान थी। इसके अलावा एक भोजनालय भी पूरी तरह से तबाह हो गया। आगजनी की घटना 8 अक्टूबर की दोपहर लगभग तीन बजे हुई थी। पुलिस को जांच में पता चला कि आग छोला भटूरा दुकान से फैली थी। दुकान के ऊपर प्लास्टिक की पन्नी धूप से बचने लगाई गई थी। इसी पन्नी में छोला भटूरा निकालते वक्त तेल के जरिए आग पहुंच गई थी। यह आग देखते ही देखते विकराल हो गई। घटना के दौरान तीसरी मंजिल से कूदकर जान बचाते हुए भी एक व्यक्ति मोबाइल कैमरे में कैद हुआ था। जिनकी पहचान जांच के दौरान वैशाली नगर (Vaishali Nagar) निवासी पवन अग्रवाल (Pawan Agrawal) के रुप में हुई। वे जहां से अग्निकांड का प्रारंभ हुआ उसकी तीसरी मंजिल पर आम्रपाली भोजनालय (Amrapali Bhojnalaya) चलाते हैं। वे और उनके कर्मचारी तीसरी मंजिल से ड्रेनेज पाइप के जरिए उतर रहे थे। तभी विकराल लपटें और धुएं के कारण हाथ फिसलने से गिरकर वे जख्मी हो गए थे। पुलिस ने उनकी ही शिकायत पर छोला भटूरा दुकान के संचालक दीप अग्रवाल उर्फ दीपू (Deep Agrawal@Deepu) के खिलाफ प्रकरण 843/26 दर्ज किया है।
निगम और प्राधिकरण के अफसर फंसे
टीटी नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ ज्वलनशील पदार्थ के लापरवाही से हुए हादसे के कारण लाखों रुपए की क्षति करने का प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने घायल पवन अग्रवाल के संबंध में धाराएं नहीं लगाई है। उन्हें पैर में गिरने के कारण चोट आई है। पुलिस को जांच में पता चला है कि छोला भटूरा दुकान के कारण होने वाले संभावित हादसों को लेकर व्यापारियों ने पूर्व में भी चिंता जताई थी। शिकायतों के बाद भोपाल नगर निगम (Bhopal Nagar Nigam) और भोपाल विकास प्राधिकरण (BDA) की तरफ से दीप अग्रवाल को कई नोटिस भी दिए गए थे। इसके बावजूद बाजार के बीच में लापरवाहीपूर्वक हो रहे व्यवसायिक गतिविधियों को नहीं रोका गया। इधर, कार्रवाई नहीं होने के खिलाफ भी कलेक्टर प्रियंक मिश्रा (Priyank Mishra) से मुलाकात करके व्यापारियों के प्रतिनिधि मंडल ने एक दिन पहले ही जनसुनवाई में भी शिकायत दर्ज कराई थी। कलेक्टर कार्यालय की तरफ से उस आवेदन को भोपाल पुलिस कमिश्नर के पास भेजा गया था। इधर, व्यापारियों के तरफ से प्रस्तुत किए गए दर्जनों नोटिस के मामले के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर अब निगम और प्राधिकरण के अधिकारी भी जांच के दायरे में आ गए हैं।
खबर के लिए ऐसे जुड़े

हमारी कोशिश है कि शोध परक खबरों की संख्या बढ़ाई जाए। इसके लिए कई विषयों पर कार्य जारी है। हम आपसे अपील करते हैं कि हमारी मुहिम को आवाज देने के लिए आपका साथ जरुरी है। हमारे www.thecrimeinfo.com के फेसबुक पेज और यू ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें। आप हमारे व्हाट्स एप्प न्यूज सेक्शन से जुड़ना चाहते हैं या फिर कोई घटना या समाचार की जानकारी देना चाहते हैं तो मोबाइल नंबर 7898656291 पर संपर्क कर सकते हैं।