Bhopal Murder News: मीडिया को भनक न लगे घटना पर चौबीस घंटे पर्दा डाला,आरोपी तो दूर उसका सुराग भी जुटाने में नाकाम पुलिस

भोपाल। राजधानी में नृशंसता की हदें पार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस हृदय विदारक घटना की मीडिया को भनक न लगे इसलिए पूरे मामले को दबाया भी गया। मामला भोपाल (Bhopal Murder News) शहर के शाहजहांनाबाद स्थित मल्टी का है जिसमें घर में घुसकर वृद्ध महिला की निर्मम हत्या कर दी गई। उसके बाद मुंंह के भीतर लगा सोने का दांत उखाड़कर आरोपी भाग गए।
घर पर अकेली थी वारदात के समय वृद्धा
जानकारी के अनुसार हत्या की वारदात 05 नवंबर की दोपहर दो बजे से अपरान्ह चार बजे के बीच शाहजहांनाबाद (Shahjahanabad) स्थित बाजपेयी नगर (Bajpai Nagar) मल्टी में हुई थी। यहां गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) श्रेणियों के आवास है। जिसमें 75 वषी्रय कलरी देवी (Kalri Devi) का भी परिवार रहता है। बेटा मूक-बधिर है जो कलेक्टर कार्यालय में नौकरी करता है। हत्या का पता 05 नवंबर की शाम पांच बजे पता चला था। जब घटना हुई उस वक्त बेटा ड्यूटी पर गया हुआ था। यह खबर पड़ोस में रहने वाली वर्षा नाम की महिला के जरिए पुलिस तक पहुंची थी। घटना को लेकर शाजहांनाबाद थाने से एसआई योगिता जैन (SI Yogita Jain) को जांच सौंपी गई है। वहीं शाहजहांनाबाद टीआई यूपीएस (UPS Chauhan) चौहान संदिग्धों से पूछताछ और धरपकड़ में जुटे हैं। दोनों ही अधिकारियों ने किसी तरह की आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी हैं। सनसनीखेज हत्याकांड को लेकर डीसीपी जोन-3 आयुष गुप्ता (DCP Ayush Gupta) ने बताया कि मर्ग कायम कर शव पीएम के लिए भेजा था। हत्याकांड के इस मामले में 06 नवंबर की दोपहर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है।
फोरेंसिक वैज्ञानिक भी जांच करते वक्त सहम गए
घटना स्थल के पास निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरा लगा है। लेकिन, हत्याकांड से पूर्व वह बंद हो गया। कलरी देवी की चार बेटी है। जिसमें एक बेटी उसी मल्टी के नजदीक रहती है। आरोपी ने कलरी देवी के मुंह में कई बार मुक्के से वार किए हैं। इसके बाद उसके मुंह में लगा हुआ नकली दांत बाहर आ गया। उसमें ही सोने का दांत जड़ा हुआ था जिसे हत्या करने वाला आरोपी अपने साथ ले गया है। हत्याकांड से पूर्व घर के भीतर आरोपी के घुसने के कारण पुलिस को शक है कि वारदात को करीबी ने अंजाम दिया है। वृद्धा के पहने हुए जेवरात के अलावा घर में रखे जेवरात भी गायब हैं।
मल्टी की सुरक्षा को लेकर फिर खड़े हुए सवाल

पुलिस ने पहले इस मामले को दबाए रखा। जब यह जानकारी मीडिया में लीक हुई तो पुलिस अपनी पीठ थपथपाने वाली उपलब्धि के साथ सामने आई। आरोपी का सुराग देने पर दस हजार रुपए का इनाम का ऐलान कर दिया। पुलिस विभाग की किरकिरी पहली बार भी नहीं हुई है। इससे पहले बाजपेयी नगर मल्टी में दो साल पहले भी मासूम बच्ची की निर्मम हत्या कर दी गई थी। उस वक्त भी मल्टी की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हुए थे। उस वक्त अधिकारियों ने मल्टी के भीतर अस्थायी चौकी बनाने का प्रस्ताव रखा था। वह मामला ठंडा होते ही लटकता चला गया। ताजा हत्या की घटना से पुलिस विभाग की सक्रियता पर फिर प्रश्न खड़े हो गए हैं।
संवाद की कमी से छवि धूमिल
जनता के बीच पुलिस विभाग की दूरी बहुत ज्यादा हो गई है। नतीजतन, मुखबिर तंत्र से लेकर तमाम सूचनाएं अब पुलिस तक नहीं पहुंच रही है। इधर, पुलिस कमिश्नर कार्यालय से भी एक रोचक आदेश जारी हुआ है। घटनाओं को लेकर सवाल-जवाब से बचने के लिए पुलिस आयुक्त कार्यालय ने कहा है कि वे मीडिया से प्रतिदिन दोपहर दो बजे पुलिस आयुक्त कार्यालय के सभागार में ही चर्चा करेंगें। उन्होंने अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त समेत अन्य अधिकारियों के कक्ष में मीडिया के आने पर प्रतिबंध लगा दिया है।
खबर के लिए ऐसे जुड़े

हमारी कोशिश है कि शोध परक खबरों की संख्या बढ़ाई जाए। इसके लिए कई विषयों पर कार्य जारी है। हम आपसे अपील करते हैं कि हमारी मुहिम को आवाज देने के लिए आपका साथ जरुरी है। हमारे www.thecrimeinfo.com के फेसबुक पेज और यू ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें। आप हमारे व्हाट्स एप्प न्यूज सेक्शन से जुड़ना चाहते हैं या फिर कोई घटना या समाचार की जानकारी देना चाहते हैं तो मोबाइल नंबर 7898656291 पर संपर्क कर सकते हैं।