एनजीओ के नाम पर एंजॉय

Share

एक दर्जन से अधिक लोगों को शातिर ठग लगा गया 75 लाख रुपये की चपत, उत्तर प्रदेश के रहने वाले ठग की तलाश

भोपाल। राजधानी के टीटी नगर इलाके में रहने वाले एक शातिर जालसाज ने पंद्रह लोगों को 75 लाख रुपये का चूना लगा दिया। उसने एनजीओ में रकम इन्वेस्टमेंट कर पंद्रह फीसदी ब्याज का लालच लेकर लोगों से पैसा जमा कराया था। पूर्व में उसने कुछ लोगों को ब्याज समेत पैसा लौटाया भी था, लेकिन जब रकम ज्यादा हो गई तो पैसा लेकर गायब हो गया। पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक अर्जुन नगर निवासी अनीता चौहान पत्नी प्रदीप चौहान (46) गृहणी हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि दो साल पहले एक महिला के माध्यम से उनकी जान पहचान मूलत: प्रतापगढ़ उत्तर प्रदेश निवासी प्रभात दुबे उर्फ धर्मेंद्र द्विवेदी से हुई थी। वह भी अपनी पत्नी के साथ अर्जुन नगर में किराए के मकान में रहता था। प्रभात ने बताया था कि वह लोक कल्याण समिति नाम से एक एनजीओ संचालित करता है, जो महिला एवं बाल विकास विभाग के अधीन काम करता है। उसका कहना था कि एनजीओ के माध्यम से वह लोगों को पैसा किसी सरकारी संस्थान में लगाता है और उस रकम पर 15 फीसदी ब्याज लोगों को दिलवाता है। प्रभात ने उन्हें भी एनजीओ में पैसा लगाने और 15 फीसदी लाभ कमाने का लालच दिया था। इस पर उन्होंने पिछले साल जून 2018 में 12 लाख रुपए एनजीओ में लगाने के लिए दिये थे।
15 लोगों से 75 लाख रुपये लेकर गायब हुआ
अनीता चौहान के मुताबिक प्रभात दुबे के कहने पर उन्होंने और उनकी मां ने 12 लाख रूपए एनजीओ में लगा दिए। इससे पहले उन्होंने छोटी रकम लगाई थी, जिस पर उसने दो बार उन्हें लाभ की रकम दी थी। बड़ी रकम देने के बाद वह 15 फीसदी लाभ  देने में आनाकानी करने लगा। इसी बीच उन्हें पता चला कि प्रभात ने शहर के अलग-अलग इलाकों में रहने वाले 14 अन्य लोगों को भी लालच देकर करीब 75 लाख पांच हजार रुपये ठगे हैं। लोगों ने जब पैसा लौटाने का दबाव बनाया तो प्रभात ने जमीन बेच कर पैसा वापस करने का वादा किया था, लेकिन तीन महीने पहले वह अचानक किराए का मकान छोड़कर गायब हो गया। इसके बाद सभी पीड़ितों ने मिलकर टीटी नगर थाने में एक लिखित आवेदन दिया था। पुलिस ने मामले की जांच कर आरोपी प्रभात दुबे उर्फ धर्मेंन्द्र द्विवेदी के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया है।
इन लोगों को लगाया लाखों का चूना
प्रभात ने सभी लोगों को अलग-अलग बैंकों के एकाउंट नंबर दिए थे, जिसमें फरियादियों ने पैसे जमा किए थे। इस पर से अनीता चौहान ने 12 लाख, ओमहरि गिरी 9 लाख, उमा गिरी 3 लाख, मीना गिरी 7 लाख 50 हजार, नासिर अली 4 लाख, दिलीप गिरी 7 लाख, अशोक गिरी 2 लाख, रत्नेश गिरी 2 लाख, रमेश बाथम 6 लाख, इरफान खान 1 लाख 20 हजार, सौमित्र 2 लाख, स्वप्निल चौधरी 4 लाख 50 हजार, राम अवतार 25 हजार, रत्नातंत्र पांडे 5 लाख और नीरज ने 8 लाख रुपये जमा किए थे।
एमपी नगर पुलिस ने किया था गिरफ्तार
आरोपी प्रभात दुबे के खिलाफ पिछले साल एमपी नगर थाने में ठगी का एक मामला दर्ज हुआ था। इस मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। उस दौरान उसके एनजीओ में पैसा जमा करने वाले उन लोगों ने जमानत कराई थी, जिनकों उसने ब्याज के साथ रकम वापस की थी। बाद में वह सभी लोगों की रमक लेकर गायब हो गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उसकी गिरफ्तारी के बाद पता चलेगा कि उसने और कितने लोगों को इस प्रकार चूना लगाया है।

यह भी पढ़ें:   Bhopal Rape News: लड़की बोली शादी करो, लड़का बोला जॉब लगने दो नतीजा एफआईआर
Don`t copy text!