SBI ATM Fraud: एक सप्ताह बैंक के चक्कर काटे, पुलिस ने दर्ज किया जालसाजी का मुकदमा, एटीएम बदलकर जालसाज ने निकाले एक लाख रूपए

भोपाल। भारतीय स्टेट बैंक के कई एटीएम में सिक्योरिटी गार्ड अभी भी तैनात नहीं है। इस बात को लेकर पुलिस विभाग कई बार पत्राचार भी कर चुका है। दरअसल, इन्हीं एटीएम को टारगेट करके फ्रॉड की कई घटनाएं सामने आ चुकी है। ताजा मामला भोपाल (SBI ATM Fraud) शहर के पिपलानी थाना क्षेत्र का है। यहां एक वृद्ध को मदद के बहाने कार्ड लेकर उसका पासवर्ड जालसाज ने जाना। उसके बाद दूसरे व्यक्ति का एटीएम कार्ड थमाकर जालसाज चला गया। खाते से एक लाख रूपए निकलने पर वृद्ध कई दिनों तक अपने बैंक में चक्कर काटता रहा। जब उसे मदद नहीं मिली तो वह पुलिस के पास पहुंचा।
सीसीटीवी पर टिकी हुई है पुलिस की जांच
पिपलानी (Piplani) थाना पुलिस के अनुसार यह वारदात 30 अक्टूबर की शाम लगभग पांच बजे हुई थी। शिकायत राजधर सिंह (Rajdhar Singh) पिता गजराज सिंह उम्र 65 साल ने दर्ज कराई। वे आनंद नगर (Anand Nagar) में रहते हैं और एमपीईबी से रिटायर हुए हैं। उन्होंने बताया यूनियर बैंक के पास एसबीआई एटीएम (SBI ATM) में वह पैसा निकालने गए थे। वहां उनके पीछे एक लड़का खड़ा था। राजधर सिंह ने दो—तीन बार पिन डाला लेकिन रकम नहीं निकली। पीछे खड़े लड़के ने उन्हें मदद करने का बोला। उसने पिन पूछा और पैसा निकालने का प्रयास किया। उससे भी रकम नहीं निकली। फिर कार्ड लेकर वहां से वृद्ध चले गए। अगले दिन मोबाइल पर उन्हें खाते से एक लाख रूपए निकलने का मैसेज आया। उन्होंने एटीएम देखा तो वह अजीम मियां कुरैशी का था। उन्होंने कॉल सेंटर पर फोन लगाकर एटीएम ब्लॉक करा दिया। इसके बाद वे रत्नागिरी में मौजूद भारतीय स्टेट बैंक पहुंचे। यहां उनका खाता है। बैंक से उन्हें कोई मदद नहीं मिली। जिसके बाद वे पिपलानी थाने पहुंचे और 14 नवंबर को 833/23 धारा 420 (जालसाजी का प्रकरण) दर्ज कराया। पुलिस अब बैंक से घटना वाले दिन सीसीटीवी के फुटैज मांग रही है। जिससे संदिग्ध के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
खबर के लिए ऐसे जुड़े

हमारी कोशिश है कि शोध परक खबरों की संख्या बढ़ाई जाए। इसके लिए कई विषयों पर कार्य जारी है। हम आपसे अपील करते हैं कि हमारी मुहिम को आवाज देने के लिए आपका साथ जरुरी है। हमारे www.thecrimeinfo.com के फेसबुक पेज और यू ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें। आप हमारे व्हाट्स एप्प न्यूज सेक्शन से जुड़ना चाहते हैं या फिर कोई घटना या समाचार की जानकारी देना चाहते हैं तो मोबाइल नंबर 7898656291 पर संपर्क कर सकते हैं।