MP IPS Meet: मीट को संबोधित करते हुए बोले थानों के लिए तय हो मापदंड, तीन स्तरों पर हो ग्रेडिंग

भोपाल। एमपी के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने भारतीय पुलिस सेवा के अफसरों को एकता से संबंधित एक कहानी सुनाई। वे भारतीय पुलिस सेवा की तरफ से आयोजित आईपीएस मीट (MP IPS Meet) को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अन्य विभागोंं की तरह थानों की तीन स्तरीय ग्रेडिंग होनी चाहिए। इसके साथ ही अलग-अलग पैरामीटर तय करके रैकिंग की जानी चाहिए।
यह बातें भी बोली
मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव (CM Dr Mohan Yadav) 07 फरवरी को कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित दो दिवसीय आईपीएस सर्विस मीट (IPS Service Meet) के शुभांरभ अवसर को संबोधित करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि ग्रेडिंग का काम प्रदेश, संभाग और जिला स्तर पर होना चाहिए। मीट के पहले दिन पुलिस के विशेषज्ञों की तरफ से आधुनिक तकनीक के माध्यम से अपराधों पर नियंत्रण के गुर भी बताए गए। इस मीट के दौरान खेलकूद के अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमें आंतरिक एकात्मकता को और अधिक उभारने की जरूरत है। इस संदर्भ में सर्विस मीट बेहद लाभकारी और प्रासंगिक है। इस तरह के सेवा समागम से अधिकारियों को एक-दूसरे के अनुभव सुनने, साझा करने और उन पर अमल करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि आईपीएस सर्विस मीट सिर्फ एक समागम के रूप में नहीं, बल्कि एक प्रशिक्षण कार्यशाला के रूप में लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि परमात्मा ने हमें सेवा का अवसर दिया है, तो इसे ईश्वर का आशीष मानकर हमें अपनी क्षमताओं का शत-प्रतिशत उपयोग समाज की भलाई, सेवा, सुरक्षा और समाज को सुसंस्कृत बनाने की दिशा में करना चाहिए, यही कर्म साधना है।
सर्टिफिकेट आफ एक्सीलेंस को लेकर यह बोले
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब सारे रास्ते बंद हो जाते हैं, तभी पुलिस के पास कोई व्यक्ति जाता है। पुलिस उम्मीद की अंतिम किरण होती है। पुलिस को जनता का यह विश्वास हमेशा बनाए रखना चाहिए। एक दूसरे से संवाद, समागम, शिक्षण-प्रशिक्षण के जरिए अपनी योग्यताओं को और बेहतर बनाना चाहिए। उन्होंने कहा संगठन बनाना और उसे चलाना दोनों ही बहुत ही कठिन काम हैं। यह मीट कार्यशाला की तरह है। यहां हम अपने पुलिस परिवार के साथ मिलते हैं। प्रशिक्षण का काम भी चलता है। उन्होंने कहा कि यह जो आपको पॉवर मिला है, इसका सही उपयोग किया जाना चाहिए। दक्षता में संवेदनशीलता भी होना चाहिए। उन्होंने थाना बम्होरीकला को ‘सर्टिफिकेट ऑफ एक्सीलेंस’ दिया। पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ मनोहर सिंह मंडलोई (IPS Manohar Singh Mandloi) और जिले के बम्होरीकला की थाना प्रभारी रश्मि जैन (IPS Rashmi Jain) को ‘सर्टिफिकेट ऑफ एक्सीलेंस’ प्रदान किया। थाना प्रभारी और पुलिस अधीक्षक को यह सम्मान थाना बम्होरीकला को 2024 में देश के सर्वश्रेष्ठ थानों में 20 वें स्थान और राज्य में प्रथम स्थान पर चयनित होने पर दिया।
जनता की सुरक्षा के लिए पुलिस सदैव तत्पर
डीजीपी डीजीपी कैलाश मकवाना (DGP Kailash Makwana) ने कहा कि जनता की सुरक्षा के लिए पुलिस सदैव तत्पर है। हमने नये आपराधिक कानून का बेहतरीन क्रियान्वयन किया है। इस मामले में मध्यप्रदेश पुलिस (MP IPS Meet) को केंद्रीय गृहमंत्री और केंद्रीय गृह सचिव से भी सराहना मिली है। हम पुलिस बल के आधुनिकीकरण और उनके प्रशिक्षण पर विशेष जोर दे रहे हैं। इस दौरान उन्होंने पुलिस की उपलब्धियों की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नक्सल समस्या के उन्मूलन के तरफ भी हम तेजी से बढ़ रहे हैं। हमारी चुनौतियां बढ़ रही हैं, साइबर क्राइम, साइबर फ्रॉड, नशा मुक्ति और यातायात सुरक्षा हमारे लिए बड़ी चुनौतियां हैं। इस दिशा में हम तेजी से कार्य कर रहे हैं। आईपीएस एसोसिएशन के अध्यक्ष रवि कुमार गुप्ता (IPS Ravi Kumar Gupta) ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि सबके कल्याण की चिंता करने वाले मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज हमारे बीच हैं। हमारी पुलिस प्रदेश के हर व्यक्ति की सुरक्षा में तत्पर है। हम अपनी जिम्मेदारियों से कभी पीछे नहीं हटते। उन्होंने पुलिस का उत्साहवर्धन करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार व्यक्त किया।
खबर के लिए ऐसे जुड़े

हमारी कोशिश है कि शोध परक खबरों की संख्या बढ़ाई जाए। इसके लिए कई विषयों पर कार्य जारी है। हम आपसे अपील करते हैं कि हमारी मुहिम को आवाज देने के लिए आपका साथ जरुरी है। हमारे www.thecrimeinfo.com के फेसबुक पेज और यू ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें। आप हमारे व्हाट्स एप्प न्यूज सेक्शन से जुड़ना चाहते हैं या फिर कोई घटना या समाचार की जानकारी देना चाहते हैं तो मोबाइल नंबर 7898656291 पर संपर्क कर सकते हैं।