Governor Appointment News: राष्ट्रपति ने चार राज्यों के राज्यपालों का किया तबादला, चार राज्यों में नए राज्यपाल भी नियुक्त

दिल्ली। भारत के राष्ट्रपति रामनाथव कोविंद ने आठ राज्यों के राज्यपाल के नियुक्ति (Governor Appointment News) आदेश जारी किए हैं। इसमें चार राज्यों के राज्यपालों का स्थानांतरण किया गया है। इस आदेश को केंद्र में नरेन्द्र मोदी सरकार के बुधवार को होने वाले मंत्रीमंडल के फेरबदल से जोडत्रकर देखा जा रहा है। मध्य प्रदेश को लंबे अरसे बाद पूर्णकालिक राज्यपाल की सौगात भी मिल गई है। इससे पहले यहां लंबे समय तक प्रभार में राज्यपाल रहे।
गुजरात में रहे मंत्री
राष्ट्रपति भवन से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मंगूभाई छगनभाई पटेल को मध्य प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे गुजरात सरकार के मंत्रीमंडल में भी रहे हैं। मध्यप्रदेश में यह दूसरा मौका है जब गुजरात राज्य के राजनीतिक क्षेत्र से राज्यपाल मिल रहा है। इससे पहले आनंदीबेन पटेल को यह अवसर मिला था। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बधाई देते हुए अपने संदेश कहा कि नवागत राज्यपाल के राजनीतिक अनुभव का लाभ प्रदेश को मिलेगा। मंगूभाई छगनभाई पटेल को जबलपुर हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश शपथ दिलाएंगे। मध्यप्रदेश के आप 23वें राज्यपाल होंगे।
इन प्रदेशों में राज्यपाल के हुए ट्रांसफर

राष्ट्रपति भवन के अनुसार मिजोरम के राज्यपाल पीएस श्रीधरन पिल्लई को स्थानांतरित कर उन्हें गोवा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। इसी तरह हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य को स्थानांतरित कर उन्हें त्रिपुरा का राज्यपाल बनाया गया है। त्रिपुरा के राज्यपाल रमेश बैस को झारखंड राजभवन की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय को स्थानांतरित कर उन्हें हरियाणा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। जबकि डॉ. हरि बाबू कंभमपति को मिजोरम का राज्यपाल बनाया गया है। इसी तरह राजेंद्र विश्वनाथ आरलेकर को हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
मंत्रीमंडल में होगा फेरबदल

थावरचंद गहलोत को कर्नाटक का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। इससे पहले गहलोत मोदी सरकार में मंत्री थे। उन्हें नई जिम्मेदारी देने से साफ है कि केंद्र में मोदी सरकार में एक अन्य कुर्सी खाली हो गई है। वहीं कई मंत्रियों के पास दो—दो विभागों का बोझ है। जिसे कम करने के लिए मोदी सरकार बुधवार को मंत्रीमंडल में फेरबदल करने जा रही है। इसमें मध्य प्रदेश से ज्योतिरादित्य सिंधिया को महत्वपूर्ण पोर्टफोलियों मिलने के संकेत हैं। सिंधिया की मध्य प्रदेश में भाजपा की वापस ताजपोशी में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। जिसके बदले में यह सौगात उन्हें मिल रही है।