20 दिन पहले ही बिहार से दिल्ली आया था नाबालिग, सब्जी बेचने का करता था काम

नई दिल्ली। दिल्ली के प्रेम नगर इलाके में डबल मर्डर (Double Murder) की सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग ने अपनी भाभी और भतीजे की बड़ी ही बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके शरीर पर चोट के निशान मिले है। आरोपी बिहार के मुजफ्फरपुर जिले का रहने वाला है। 20 दिन पहले ही वो दिल्ली आया था। जहां वो सब्जी बेचने का काम करता था।
गुरुवार को, 26 वर्षीय महिला और उसके चार वर्षीय बेटे के शव उनके किराए के आवास पर पाए गए। महिला का गला किसी नुकीली चीज से काट दिया गया था और वह खून से लथपथ थी। पुलिस ने कहा कि उसका बेटा छत के पंखे से लटका हुआ था।
जांच के दौरान, यह पाया गया कि आरोपी नाबालिग ही अंतिम व्यक्ति था जो उनके कमरे में गया था। पुलिस ने मृतक के मोबाइल फोन को चैक किया। उन्हें एक सेल्फी मिली, जो कि घटना से ठीक पहले गुरुवार दोपहर किशोर ने ली थी।
पुलिस उपायुक्त (केंद्रीय) मनदीप सिंह रंधावा ने कहा, “पुलिस ने नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है। उसके शरीर पर कुछ चोटों, पैरों में काटने, चेहरे, गर्दन और पीठ पर खरोंच के निशान पाए गए है।”
पूछताछ के दौरान, किशोर ने खुलासा किया कि घटना के दिन, उसका किसी बात को लेकर भाभी से विवाद हो गया था। जिसके बाद उसने भाभी से मारपीट की कोशिश की। जिसका भाभी ने विरोध किया, छीनाछपटी में उसके शरीर पर चोट के निशान आए है। वो अपनी भाभी से मारपीट कर रहा था। उसने भाभी को पत्थर मार दिया। जिससे वो बेहोश हो गई।
लेकिन इसी दौरान उसका बेटा जाग गया। जिसने घटना को देख लिया। बच्चे ने आरोपी से कहा कि वो अपने पिता को घटना की जानकारी देगा। जिसके बाद आरोपी ने बच्चे का गला घोंट दिया और छत पर पंखे से उसके शव को लटका दिया।
इसी दौरान उसकी भाभी को होश आ गया। उसने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की। छीनाझपटी में आरोपी ने चाकू से भाभी का गला काट दिया। खून ज्यादा बह जाने की वजह से उसकी मौत हो गई। जिसके बाद आरोपी ने साबुन से खून के धब्बे धोए और घूमने निकल गया।