MP Cop Gossip: ट्रैप होते—होते बच गईं महिला अधिकारी

Share

 MP Cop Gossip: निरीक्षक से नाराज हुए आईपीएस, राजधानी के एक थाने में हर कोई क्यों चल रहा है टुन्न, विधायक ने आधी रात को फोन लगाया तो फिर क्या हुआ चमत्कार, एक निरीक्षक थाने में तो पहुंचे है लेकिन उन्होंने अभी तक अपनी अटैची नहीं खोली क्योंकि उन्हें इस बात का भय है

MP Cop Gossip
सांकेतिक ग्राफिक डिजाइन टीसीआई

भोपाल। एमपी पुलिस का महकमा काफी बड़ा है। इसमें बहुत सी खबरें आती है तो कुछ रह जाती है। जो रह जाती हैं वह हमारे लिए एमपी कॉप गॉसिप (MP Cop Gossip) का विषय होती है। ऐसे ही चटपटे किस्सों के साथ इस बार आपके लिए कुछ खास लोगों की चर्चाएं हैं। हमारा मकसद किसी व्यवस्था, संस्था, व्यक्ति अथवा और पद को कम—ज्यादा दिखाना नहीं हैं। बस इस बात का अहसास कराना है कि बातें नहीं छुपती है।

मैडम को बचा ले गए अफसर

यह एक राजपत्रित महिला पुलिस अधिकारी की खबर है। उन्हें सेवा में आए हुए कुछ साल ही हुए हैं। लेकिन, वह अभी से दिनरात कमाने मेें लगी हैं। आलम यह है कि हर तरफ से बस माल आता हुआ दिखना चाहिए। ऐसा नहीं है कि उन्हें किसी चीज की आवश्यकता हो। पति भी राजपत्रित अधिकारी हैं और खाकी रंग वाले महकमे के दूसरे विभाग से जुड़े हैं। खबर है कि उन्होंने पिछले दिनों एक बहुत बड़े व्यक्ति से यहां—वहां के रास्ते अपनी डिमांड पहुंचा दी। इसके बाद गृह विभाग से सीधे एक अफसर के पास कॉल आया। उन्हें चेतावनी दी गई कि महिला अधिकारी को पिंजरे में रखो नहीं तो वह उसको ट्रैप करा देंगे। इसके बाद उन्होंने महिला अधिकारी को तुरंत अपने कक्ष में तलब किया। इसके बाद उन्हें जो खरी—खरी और खोटी—खोटी सुनाई उसके बाद से सदमे में हैं। आखिरकार इतनी सुरक्षा इंतजाम करने के बावजूद मामला लीक कहां से हो गया यह पता करने की जुगत में लगी है।

पांच महीने में तीन थाने

MP Cop Gossip
सांकेतिक ग्राफिक डिजाइन टीसीआई

एमपी पुलिस के एक निरीक्षक इन दिनों कई धार्मिक जगहों पर जाकर अनुष्ठान कराने से लेकर वंदना कर रहे हैं। दरअसल, वे जानना चाहते हैं कि उनसे कौन सी भूल हो गई। मामला (MP Cop Gossip) कुछ ऐसा है कि उन्हें शहर में आया कुछ साल ही हुआ है। इस दौरान पांच महीने में उन्हें तीन बार उचका दिया गया। पहला थाने से जिन्होंने उचकाया उसकी वजह उन्हें पता है। वहां एक सत्तारुढ़ संगठन के पदाधिकारी के रिश्तेदार को बैठाना था। दो महीने बाद ही दूसरे थाने से ना जाने क्यों उचका दिया यह पहेली बनी हुई है। अब वे तीसरे थाने में दिन गिन रहे हैं। दरअसल, वे शहर में प्रवेश होने वाले थाने से होते—होते बीच शहर में आ चुके हैं। बस उनका जोन ही बदलता रहा है।

यह भी पढ़ें:   Bhopal Job Fraud: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का फर्जी नियुक्ति पत्र थमाया

कमिश्नर को विधायक ने आधी रात कॉल लगाकर जगाया

यह घटना भोपाल शहर के एक थाने की है। यह थाना कई दिनों से वहां प्रभारी नहीं होने के कारण मोहताज चल रहा है। मामला दरअसल ऐसा है कि पिछले दिनों एक विधायक की कार पर पत्थर मार दिया गया। वे शिकायत लेकर एक थाने में पहुंचे। वहां उन्हें सीमा का विषय बताकर दूसरे थाने भेजा गया। माननीय जिस थाने में पहुंचे वहां निरीक्षक नहीं हैं। फिर क्या था थाना स्टाफ ने मामले की जांच करने का आश्वासन देकर अगले दिन थाने बुला लिया। इस बात से नाराज नेता जी ने चलती कार में ही पूरा घटनाक्रम कमिश्नर को बता दिया। इसके बाद जो फटकार लगी उसकी गूंज सुनाई तो नहीं दी लेकिन उसका असर कुछ मिनटों में ही देखने मिला। विधायक के घर पर सारे अफसर थे। तुरंत मुकदमा दर्ज करके संदेहियों की भी धरपकड़ शुरु कर दी गई। यह समाचार भी कुछ ही जगहों पर स्थान पा सका। क्योंकि नेता विपक्ष के थे इसलिए कोई पूछपरख नहीं हो सकी।

जब एसपी टीआई से हुए नाराज

यह मामला भोपाल देहात क्षेत्र का है। यहां एक थाना क्षेत्र में पिछले दिनों अंधा कत्ल हुआ था। इसका कातिल बड़ी मशक्कत के बाद पकड़ में आया था। उसे पकड़ने से पूर्व तकनीक से लेकर कई तरह के कवायद किए गए थे। दूसरी वजह यह भी थी क्योंकि भोपाल शहर में दनादन कई पत्रकार वार्ताएं हो रही थी। जबकि भोपाल देहात में कुछ निकलकर ही नहीं आ रहा था। हत्याकांड के बहाने भोपाल देहात अपना प्रदर्शन दिखाना चाहती थी। इस बात की तैयारी की जा रही थी। इसी बीच थाने के एक खबरनबीस ने अय्यारी दिखाते हुए जानकारी लीक कर दी। फिर क्या था वह समाचार एक अखबार में प्रकाशित हो गया। फिर क्या इस बात से तमतमाए अफसर ने थाना प्रभारी को सीधा संदेश दे दिया कि वे पत्रकार वार्ता में भाग नहीं लेंगे। कई घंटों मैराथन दौड़ चलती रही। आखिरकार अफसर नहीं माने और गुपचुप तरीके से उस खबर का प्रेस नोट जारी किया गया। यह समाचार भी कहीं छपा और कहीं पर नहीं छप सका।

इस वक्त एक थाना पूरा ट्रक पीकर टुन्न चल रहा है

MP Cop Gossip
सांकेतिक ग्राफिक डिजाइन टीसीआई

शहर के थाने की यह भयावह सूचना है। इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हैं। इसलिए हम इसे गॉसिप (MP Cop Gossip) में दे रहे हैं। हमारे भीतर खाने के सूत्र बता रहे हैं कि एक थाने में पिछले दिनों ट्रक पकड़ा गया था। उसमें जब तलाशी हुई तो एक विचित्र रंग की चीज रखी हुई थी। जिसको मनुष्य सेवन कर ले तो वह कई घंटों तक यहां—वहां हिलता—डुलता रहता है। इतना ही नहीं उसके सेवन के लिए कई लोग अपना भारी बजट भी न्यौछावर कर देते हैं। उसी चीज से भारी राजस्व भी सरकार को मिलता है। इसके बावजूद शहर के एक थाने का हर कर्मचारी इस वक्त टुन्न चल रहा है। हमारे जानकार बता रहे हैं कि लाखों रुपए के इस सामग्री को आधिकारिक रुप से कागज में जब्त न करने के लिए कुछ कागजों का ढ़ेर रखा गया था। जिसके बाद वह पूरा वाक्या कागज में इंद्राज ही नहीं हो सका। यह वाक्या उस थाना क्षेत्र का है जहां शातिर चोर भागते वक्त पुलिस वाहन के सामने एक ऐसी चीज फेंककर गए थे जिसको दूसरे थाने को सौंपा गया। यह समाचार कई जगह मीडिया में नहीं आया था। (सुधि पाठकों से अपील, हम पूर्व में धाराओं की व्याख्याओं के साथ समाचार देते रहे हैं। इसको कुछ अवधि के लिए विराम दिया गया है। आपको जल्द नए कानूनों की व्याख्या के साथ उसकी जानकारी दी जाएगी। जिसके लिए हमारी टीम नए कानूनों को लेकर अध्ययन कर रही हैं।)

यह भी पढ़ें:   Bhopal News: फसल कटाई के वक्त हादसे में निर्मम मौत

खबर के लिए ऐसे जुड़े

MP Cop Gossip
भरोसेमंद सटीक जानकारी देने वाली न्यूज वेबसाइट

हमारी कोशिश है कि शोध परक खबरों की संख्या बढ़ाई जाए। इसके लिए कई विषयों पर कार्य जारी है। हम आपसे अपील करते हैं कि हमारी मुहिम को आवाज देने के लिए आपका साथ जरुरी है। हमारे www.thecrimeinfo.com के फेसबुक पेज और यू ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें। आप हमारे व्हाट्स एप्प न्यूज सेक्शन से जुड़ना चाहते हैं या फिर कोई घटना या समाचार की जानकारी देना चाहते हैं तो मोबाइल नंबर 7898656291 पर संपर्क कर सकते हैं।

Don`t copy text!